उत्तर प्रदेश में अब होगा वीकेंड लॉकडाउन : योगी सरकार का फैसला

विजय श्रीवास्तव
-शुक्रवार रात से सोमवार सुबह तक रहेगी सम्पूर्ण बंदी
-योगी ने टीम-11 के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समीक्षा के बाद लिया फैसला

लखनऊ । बेकाबू हो चले कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर को देखते हुए योगी सरकार ने वीकेंड लाॅकडाउन का सख्त निर्णय लिया है। वैसे योगी सरकार ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के एक हफ्ते के सम्पूर्ण लॉकडाउन के निर्देश को मानने से भले ही इनकार कर दिया, लेकिन सरकार ने अब वीकेंड लॉकडाउन का फैसला लेकर लोंगो को यह स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है कि थोडी राहत जरूर देंगे लेकिन साथ ही सख्ती भी बरतेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को टीम-11 के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समीक्षा के बाद प्रदेश में वीकेंड लॉकडाउन यानी शुक्रवार रात नौ बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक लॉकडाउन का फैसला लिया है। इस दौरान अतिआवश्यक सेवा जारी रहने के साथ ही शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन का भी वृहद अभियान चलेगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि हम प्रत्येक प्रदेशवासी के जीवन और जीविका की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रदेश में लॉकडाउन के कारण किसी के भी सामने आजीविका का संकट उत्पन्न न हो इसी कारण हमने वर्तमान की प्रदेश की परिस्थितियों के आधार पर कोरोना कर्फ्यू को पूरी सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया है।


उत्तर प्रदेश सरकार ने अब हर शुक्रवार रात 9 बजे से सोमवार प्रात: 7 बजे तक कोरोना कर्फ्यू और साप्ताहिक बंदी का निर्णय लिया है। इस दौरान पूरे उत्तर प्रदेश में फॉगिंग, सैनिटाइजेशन तथा स्वच्छता अभियान चलेगा। अब उत्तर प्रदेश में वीकेंड लॉकडाउन लगाया गया है। प्रदेश अब सप्ताह में दो दिन बंद रहेगा। अब यहां पर आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सब कुछ बंद रहेगा। इसके अतिरिक्त जिन जिलों में 500 से अधिक एक्टिव केस हैं, वहां हर दिन रात्रि 08 बजे से अगले दिन प्रातः 07 बजे तक आवश्यक सेवाओं को छोड़कर शेष गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी। इस नियम को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। जहां तक जरूरी हो, घर से बाहर न निकलें। पर्व और त्योहार घर पर ही मनाएं। निकलें तो मास्क जरूर लगाएं। सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ न हो। इसे कड़ाई से लागू किया जाए।

Share
Share