

पंकज तिवारी
-पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मुनकाद अली ने बसपा प्रत्याशी के रूप में जयप्रकाश दुबे के नाम का किया एलान
जौनपुर। मल्हनी विधानसभा के उपचुनाव के पार्टियों ने लगभग अपने-अपने प्रत्याशियों का एलान कर दिया है। बहुजन समाज पार्टी ने उपचुनाव के लिए ब्राह्मण कार्ड खेलते हुए जयप्रकाश दुबे पर दांव लगाया है। शंभूगंज बाजार स्थित एक निजी विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मुनकाद अली ने प्रत्याशी के नाम का एलान किया। इस घोषणा के साथ ही बसपा प्रत्याशी को लेकर कई दिनों से लगाए जा रहे अटकलों का दौर खत्म हो गया और चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।
प्रत्याशी के घोषणा के साथ ही बसपा ने अपने तेवर दिखाना शुरू भी कर दिया। समारोह में प्रदेश अध्यक्ष मुनकाद अली ने भाजपा सरकार पर सीधे हमला करते हुए कहा कि आज प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा सी गई है और आम आदमी आज बसपा का शासन याद कर रहा है। बसपा एक मिशन है, जिसमें दबे कुचले लोगों की आवाज उठाई जाती है। बसपा शुरू से ही समाज में बराबरी का हक दिलाने के लिए संघर्ष कर रही है। सूबे की चार बार मुख्यमंत्री रही मायावती ने सर्वसमाज को सम्मान दिया है।
समारोह में विशिष्ट अतिथि मुख्य मंडल सेक्टर प्रभारी अशोक सिद्धार्थ ने कहा कि मल्हनी को सपा का गढ़ कहने वालों की धारणा इस उपचुनाव के बाद बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि मल्हनी में अब धनबल व गुंडागर्दी का खात्मा होगा। संचालन जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गौतम ने किया।