
पंकज तिवारी
-जनपद में अपराध का ग्राफॅ तेजी से बढ़ा
-शव को सडक पर रख किया जाम
-हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की ग्रामीणों की मांग
जौनपुर। जनपद में अपराधियों के हौसले बुलन्द हैं, जिसके चलते अपराध में तेजी से वृद्धि हो रही है। एक ओर कोरोना से जहां जनपद जूझ रहा हैं वहीं दूसरी ओर अपराधियों का खौफ सर चढ कर बोल रहा है। ताजा घटना बदलापुर थाना क्षेत्र के लखनेपुर मोड़ के पास शुक्रवार की रात को देखने को मिली जब शराब पीने के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी। रात भर शव घटनास्थल पर ही पड़ा। सुबह घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण आक्रोशित होकर चक्का जाम कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बदलापुर थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर गांव निवासी राजेश उर्फ नाटे तिवारी(40) शराब का आदी था। दिन भर वह नशे में धुत रहता था। शुक्रवार की रात भी वह लखनेपुर मोड़ के पास स्थित शराब की दुकान पर कुछ लोगों के साथ उसका शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद से उसका पता नहीं था। रात में घर वाले आसपास खोजें लेकिन कोई पता नहीं चला। सुबह शनिवार मार्निंग वॉक पर निकले कुछ लोग मोड़ की तरफ गए तो वहां लकड़ी के ढेर के पास एक युवक का शव पड़ मिला। उसके सिर पर चोट के निशान थे। यह खबर आग की तरह आसपास फैल गयी। जिसकी पहचान राजेश उर्फ नाटे तिवारी के रूप में हुई। पहचान होते ही आसपास के ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर बदलापुर-खुटहन मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को जल्दी गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर किसी तरह से जाम समाप्त कराया।

मौके पर पहुंचे एसओ विजय कुमार चैरसिया ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्यवाई की जाएगी। एसओ ने बताया कि परिजन गांव के एक युवक का नाम घटना में बता रहे हैं। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। शव कब्जे में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है वहीं परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया है।