विजय श्रीवास्तव
-सुबह 9 से 2 तक कटेगी अब पर्ची
– ऑपरेशन भी सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक होंगे
-पैथालॉजी में जांच सुबह 8 से शाम 6 बजे तक, रात 10 बजे मिल जायेगी रिपोर्ट
वाराणसी। बीएचयू प्रशासन ने अपने अस्पताल में आने वालें मरीजों के लिए बडी राहत दी है। जिसका लाभ निश्चय ही दूर-दराज से आने वाले मरीजों को मिलेगा। आगामी दो जुलाई से सर सुंदर लाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में इलाज के लिए नई व्यवस्था लागू की जा रही है। जिसके तहत अब ओपीडी सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। जबकि पर्ची सुबह 8 बजे से 2 बजे तक कटेगी। इसके साथ ही ऑपरेशन भी सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक होंगे। इसके साथ ही अस्पताल प्रशासन ने दूर-दराज से आने वाले मरीजों को राहत देने के लिए कर्मचारियों व विद्यार्थियों के लिए अलग समय सारिणी निर्धारित की है। जिससे सभी को राहत मिल सके।
बीएचयू के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के अधिकारियों की गुरूवार की बैठक में दो जुलाई से नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया। नई व्यवस्था आईएमएस में एम्स जैसी सुविधा मिलने की सैद्धांतिक सहमति को ध्यान में रखकर बनाई गई है। जिसमें अब सुबह 9 बजे से सांय 6 बजे तक ओपीडी की व्यवस्था की गयी है। अब तक सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक ओपीडी चलती है। इसके साथ ही पैथालॉजी में जांच के लिए सुबह आठ से शाम छह बजे तक सैंपल लिया जाएगा और उसी दिन रात 10 बजे तक मरीजों को जांच रिपोर्ट भी मिल जाएगी। नई व्यवस्था के तहत ओपीडी का पर्चा बनवाने के समय ही मरीजों के मोबाइल नंबर नोट कर लिए जाएंगे। जांच रिपोर्ट मोबाइल नंबर पर भी प्रेषित की जाएगी। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओपी उपाध्याय का कहना है कि मोबाइल पर जांच रिपोर्ट की सुविधा भर्ती मरीजों के लिए शुरू हो गई है। ओपीडी वालों के लिए दो जुलाई से शुरू होगी। एम्स की तर्ज पर राजपत्रित अवकाश पर ओपीडी और ओटी बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
डॉक्टरों-कर्मचारियों के लिए दोपहर एक से दो बजे तक भोजनावकाश रहेगा। पर्चा सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक कटेगा। ऑपरेशन भी सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक होंगे। नई व्यवस्था के तहत विश्वविद्यालय कर्मचारियों और छात्रों के लिए अलग समय का निर्धारण किया गया है। संबंधित कर्मचारी और छात्र अपनी हेल्थ डायरी के माध्यम से दोपहर 12 से एक और शाम तीन से चार बजे तक ओपीडी में डॉक्टर को दिखा सकेंगे।