
विजय श्रीवास्तव
-अखिलेश यादव से मिले संजय सिंह
-सपा और आरएलडी में भी गठबंधन लगभग तय
लखनऊ। चुनाव का मौसम आ चुका है। सत्ता व विपक्ष अपनी-अपनी टीम सजाने -सवारनें में लगे हुए है। इन दिनों अपनी-अपनी सीट सुरक्षित करने के लिए नेता पार्टी बदलने से जहां गुरेज नहीं कर रहे हैं वहीं भाजपा को पटखनी देने के लिए गठबन्धन का भी सहारा ले रहे हैं। इसी क्रम में आप नेता सांसद संजय सिंह ने बुधवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। दोनों ही पार्टियों के बीच गठबंधन को लेकर अटकलें तेज हो गयी हैं। वहीं दूसरी ओर सपा का राष्ट्रीय लोक दल के गठबंधन लगभग तय हो गया है।

लखनऊ के लोहिया ट्रस्ट में करीब 30 मिनट की बैठक आम आदमी पार्टी के नेता व सांसद संजय सिंह और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच हुई। दोनों के बीच सियासी हालात और गठबंधन को लेकर चर्चा हुई। वैसे अभी सीटों के बंटवारे पर तस्वीर साफ नहीं हो पाई है।
वैसे बैठक के बाद बाहर निकले आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह पूरी तरह से व्यक्तिगत मुलाकात थी। भाजपा शासन में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट है। इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। अखिलेश यादव से मिलकर भाजपा से निपटने की रणनीति पर चर्चा की गई है। अभी सपा से मिलकर चुनाव लड़ने के मुद्दे पर बात नहीं हुई है। जबकि सूत्रों का कहना है कि दोनों नेताओं के बीच विधानसभा चुनाव गठबंधन को लेकर चर्चा हुई है लेकिन अभी तक सीट तय नहीं हो पाई है। वहीं सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच हुई मुलाकात को अभी गठबंधन से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

दूसरी तरफ, सपा का राष्ट्रीय लोक दल के गठबंधन लगभग तय हो गया है। अखिलेश यादव और रालोद प्रमुख चौधरी जयंत सिंह की मंगलवार को घंटों बात हुई। जानकारों को कहना है कि 36 सीटों पर मंथन हुआ है। इनमें तीस रालोद के हिस्से में आ रही हैं जबकि छह सीटों पर रालोद और सपा के कार्यकर्ता सिंबल बदलकर चुनाव लड़ सकते हैं। वैसे अब यह मानकर चला जा रहा है कि उप्र विधानसभा चुनाव 2022 में सपा और रालोद का गठबंधन लगभग तय हो चुका है।