विजय श्रीवास्तव
-सोशल मीडिया वॉलेंटियर्स मीट में अमित शाह ने दिया जीतने का फार्मूला
-2019 से पहले बुआ-भतीजा इकट्ठा होंगे तो काई फर्क नहीं पड़ेगा
-2019 में बड़े बहुमत से एनडीए की सरकार बनेगी
वाराणसी। आगामी 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने आज बिगुल पूरी तरह से बजा दिया है। बुधवार को मिर्जापुर में विंध्याचल धाम से जो उद्घोष शुरू हुआ वह मोदी के गढ वाराणसी में भी जमकर सुनाई दिया। आगामी चुनाव में यह निश्चित हो गया है िकइस चुनाव में सोशल मिडिया की महती भूमिका होने वाली है। जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण बुधवार का भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के काशी दौरे में दिखा। अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने वह विपक्ष को परास्त करने के लिए सोशल मिडिया का मंत्रा दिया।
बड़ा लालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल में शाह ने काशी प्रांत के 15 जिलों के सोशल मीडिया वालंटियर्स मीट में अमित शाह ने सोशल मीडिया के जरिए विपक्ष को धराशायी करने का मूल मंत्र बताते हुए कई ट्रिप दिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 की जीत में सोशल मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। जिसे इस बार भी हमें दोहराना है। उन्होंने कहा कि हमें केंद्र और राज्यों की सरकारों के कामों को उसकी समीक्षात्मक रिपोर्ट व्हाट्स एप, फेसबुक और ट्वीटर के जरिए मतदाताओं तक पहुंचाना है। जिससे हमारी बात अधिक से अधिक लोंगो तक पहुंच सके। उन्होंने विपक्षी दलों की सरकार के कार्यकाल में हुए कार्यों की तुलना मोदी-योगी के सरकार से करने के लिए डेटा बेस तैयार करने और उसके सही इस्तेमाल की तकनीक भी बताई।
अमित शाह ने कांगे्रस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि 55 साल तक खून चूसने वाले हमसे हिसाब मांग रहे हैं। चार चार पीढ़ियों ने सरकार चलाई और राहुल गांधी हमसे सवाल पूछते हैं। इस दौरान उन्होंने सपा, बसपा पर निशाना साधा और कहा कि सपा-बसपा इकट्ठा होते हैं तो होने दो, आप सोशल मीडिया से उनको जवाब दो। विपक्ष के गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि कर्नाटक की सरकार बनी तो मंच पर 14 लोग मौजूद थे। अगर बरेली में ममता बनर्जी, काशी में देवगौड़ा और आगरा में कुमारस्वामी रैली करेंगे तो कोई असर नहीं होने वाला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूछा कि इन्होंने मंच पर हाथ पकड़ा तो आप लोगों ने क्या किया।
अमित शाह ने बूथ मैंनेजमेंट पर भी सोशल मीडिया की महत्ता को बताते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि हर बूथ पर स्मार्ट फोन रखने वालों की सूची और सोशल मीडिया पर उनके ग्रुप बनाए जाएं। उन्होंने बूथों पर सोशल मीडिया की क्रिएटिव टोली बनाने और आंकड़ों को रोचक बनाकर सोशल मीडिया के जरिए फैलाने को कहा। उन्होंने कहा कि हर गांव में क्रिएटिव यूथ हैं। उन्हें काम मिलेगा तो विपक्ष को नुकसान होगा। भावनाओं से कविता लिखी जाती है, मगर विजय गाथाओं के लिए पसीना और लहू बहाना पड़ता है। आयोजन के साथ परिश्रम के लिए प्लानिंग करनी पड़ती है।
अमित शाह ने इस दौरान भाजपा की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि मोदी सरकार ने गरीब को गौरव दिया और दुनिया में देश का गौरव बढ़ाया। 104 उपग्रह एक साथ छोड़कर अमेरिका का रिकार्ड तोड़ा। पाकिस्तान की सीमा में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक की। अमेरिका, इजराइल के बाद भारत ने ही यह साहस दिखाया है। मोदी सरकार ने 24 फसलों का एमएसपी तय किया और किसानों को लागत का डेढ़ गुना कीमत तय की। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी सरकार ने एक भी ऐसा काम नहीं किया है, जिससे आपको सिर झुकाना पड़े। आपके पास चार सालों के काम काज का खूब डाटा है और इन्हें सोशल मीडिया के जरिए जनता तक पहुंचाए।
इस दोैरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया एक सशक्त हथियार है और सुशासन व विकास के अभियान को इसके जरिए जनता तक पहुंचाएं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने भी सोशल मीडिया के माध्यम पर प्रकाश डाला।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, आईटी सेल के राष्ट्रीय प्रभारी अमित मालवीय, प्रदेश प्रभारी संजय रायआईटी सेल के संयोजक अनूप गुप्ता सहित सैकडों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहें।