
विजय श्रीवास्तव
-यूपी 2022 चुनाव को देखते हुए पाला बदलने का खेल शुरू
-व्यक्ति विशेष की पार्टी में नहीं कर पा रहा था काम: जितिन प्रसाद
नई दिल्ली। यूपी में 2022 विधान सभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक पार्टियां अपनी शतरंजी चाले चलने लगी हैं। जिसमें आज जहां भाजपा ने कांग्रेस मात देते हुए उनके नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद को अपने पाला में शामिल कर लिया। बुधवार को जितिन प्रसाद कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। भाजपा में शामिल होने के बाद जितिन प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस अब एक व्यक्ति विशेष और वर्ग विशेष की पार्टी रह गई है।
जितिन प्रसाद के पिछले लोकसभा चुनाव से पहले भी भाजपा में जाने की अटकलें थीं
उत्तर प्रदेश विधानसभा 2022 चुनाव से पूर्व भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद जितिन प्रसाद ने कहा, मैंने पिछले 8-10 सालों में ये महसूस किया है कि आज देश में अगर कोई असली मायने में संस्थागत राजनीतिक दल है तो भाजपा है। बाकी दल तो व्यक्ति विशेष और क्षेत्र के हो गए, लेकिन राष्ट्रीय दल के नाम पर भारत में कोई दल है तो भाजपा है। उन्होंने कहा कि हमारा देश जिन चुनौतियों का सामना कर रहा है, उसके लिए आज देशहित में कोई दल और कोई नेता सबसे उपयुक्त और मजबूती से खड़ा है, तो वो भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। वैसे जितिन प्रसाद के पिछले लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भी भाजपा में जाने की अटकलें थीं। कहा जाता है कि तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के मनाने पर प्रसाद ने उस वक्त भाजपा में जाने का फैसला त्याग दिया था। यह भी गौरतलब है कि जितिन प्रसाद उन 23 नेताओं में शामिल थे, जिन्होंने पिछले साल कांग्रेस में सक्रिय नेतृत्व और संगठनात्मक चुनाव की मांग को लेकर पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखी थी।