
विजय श्रीवास्तव
-डा. राजपाल कश्यप को पिछड़ा वर्ग का प्रदेश अध्यक्ष
-व्यास गौड़ को अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया
-बसपा सरकार में चलाया था बड़ा आंदोलन
वाराणसी। समाजवादी पार्टी ने वाराणसी निवासी व पूर्व राज्यमंत्री रीबू श्रीवास्तव को महिला सभा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। जिले में समाजवादी पार्टी के मजबूत महिला नेता के रूप में रीबू श्रीवास्तव को यह बडी जिम्मेदारी मिली। गुरुवार को उन्हें महिला सभा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। रीबू श्रीवास्तव की गिनती अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल यादव के करीबी नेताओं में होती रही है।

रीबू श्रीवास्तव ने बसपा सरकार में बड़ा आंदोलन चलाया था। जिससे वह काफी चर्चित हुई। उन्होंने वाराणसी सर्किट हाउस के सामने आंदोलन के दौरान एक दिन पुलिस को उन्होंने दौड़ाकर उनकी लाठियां छीन ली थीं जबकि वहीं इस घटना के दूसरे ही दिन पुलिस ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा था।
राजनीति मे तेज तर्रार रीबू पढ़ाई में तेज रही, यूपी कॉलेज से पढ़ाई के दौरान स्नातक में रीबू श्रीवास्तव को राष्ट्रपति पुरस्कार मिला था। इसके बाद उन्होंने एमए अर्थशास्त्र की डिग्री हासिल की थी। सपा से वह पिछले 23 वर्षो से जुडी है। सपा की युवा इकाई से राजनीति की शुरुआत 2000 में की थी। 2003 में उन्हें लोहिया वाहिनी युवा की प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी मिली थी। इसके बाद भी तमाम पद उन्हें मिलते रहें।

आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर सपा मुखिया अखिलेश यादव अपनी पार्टी को धार देने में लगे हैं। जिसके तहत आज गुरुवार को समाजवादी पार्टी ने तीन प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की गयी थी। जिसमें रीबू श्रीवास्तव को महिला सभा, डा. राजपाल कश्यप को पिछड़ा वर्ग और व्यास गौड़ को अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया।